Haryana: हरियाणा में UTL सोलर कंपनी में लगी भीषण आग, 12 घंटे से राहत कार्य जारी

Published On: May 7, 2026
Follow Us

Haryana News: हरियाणा में रेवाड़ी जिले के बावल आईएमटी क्षेत्र में स्थित एक सोलर कंपनी में वीरवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री धुएं और लपटों से घिर गई। घटना के बाद आसपास की कंपनियों में भी दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार आग रात करीब सवा 11 बजे UTL सोलर कंपनी में लगी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पहले जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया।

फायर विभाग के मुताबिक आग बुझाने के लिए 12 दमकल गाड़ियों को लगाया गया। प्रत्येक गाड़ी ने करीब 15 से 17 चक्कर लगाए और अब तक 180 से अधिक पानी के टैंकों का इस्तेमाल किया जा चुका है। करीब 12 घंटे से लगातार राहत और बचाव कार्य जारी है। अभियान लंबा खिंचने के कारण कर्मचारियों की शिफ्ट तक बदलनी पड़ी।

राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय कंपनी में प्रोडक्शन बंद था। इससे बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के बाद कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत प्रबंधन, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

घटना के बाद आसपास की फैक्ट्रियों में भी चिंता बढ़ गई, क्योंकि आईएमटी क्षेत्र में कई औद्योगिक इकाइयां एक-दूसरे के बेहद करीब स्थित हैं। फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ उसे अन्य कंपनियों तक फैलने से रोकने के लिए भी विशेष रणनीति अपनाई।

बताया जा रहा है कि कंपनी करीब 30 साल पुरानी है और यहां सोलर पैनल, इनवर्टर तथा बैटरियों का निर्माण किया जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंपनी के पास ट्रांसफॉर्मर फटने के बाद आग लगी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सहायक फायर ऑफिसर संजय ने बताया कि आग कंपनी के अंदर तक फैल चुकी थी। अंदर जमा मलबा हटाने और आग को पूरी तरह बुझाने के लिए अतिरिक्त संसाधनों की मदद ली जा रही है।

google-site-verification: google37146f9c8221134d.html

Sahab Ram

साहब राम "द न्यूज़ रिपेयर" के एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। साहब का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment