Haryana NHM Employees Leave: हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन अवकाश प्रबंधन सिस्टम शुरू किया है। अब कर्मचारियों को छुट्टी लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि वे घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
पोर्टल के जरिए आसान होगी प्रक्रिया
यह नई सुविधा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हरियाणा के पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। कर्मचारी इस सिस्टम के जरिए आकस्मिक अवकाश, मातृत्व अवकाश और असाधारण अवकाश के लिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही विदेश यात्रा के लिए एनओसी (No Objection Certificate) का अनुरोध भी ऑनलाइन किया जा सकता है।
SMS से मिलेगी हर अपडेट
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद संबंधित अधिकारी रिपोर्टिंग, रिव्यूइंग और अप्रूविंग अथॉरिटी को तुरंत एसएमएस के जरिए सूचना भेजी जाएगी। अवकाश स्वीकृत या अस्वीकृत होने पर कर्मचारी को भी SMS के माध्यम से अपडेट मिल जाएगा।
पारदर्शिता और तेजी पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि यह पहल डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करेगी। इससे मैन्युअल फाइल वर्क कम होगा, प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी। छुट्टी मंजूरी में तेजी आएगी और जवाबदेही बेहतर होगी।








