Haryana Weather: हरियाणा में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार 4 और 5 मई को प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक, आंधी और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 2 मई से 8 मई तक मौसम में बदलाव रहेगा। खासतौर पर 4 और 5 मई को इसका प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। इन दिनों कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी
3 और 6 मई को 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 4 और 5 मई को कुछ इलाकों में हवा की गति 50–60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना
तापमान का हाल
हालांकि हाल के दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 39°C तक पहुंचा। अगले 48 घंटों में तापमान करीब 2°C बढ़ सकता है, इसके बाद 3–4°C तक गिरावट संभव है।
कब-कब होगी बारिश
2, 3, 6 और 7 मई को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, 4 और 5 मई को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार है।
इन जिलों में असर ज्यादा
पंचकूला, यमुनानगर, मेवात और पलवल में 2 मई को 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में बारिश की संभावना जताई गई है।







