Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई का सिलसिला तेज हो गया है। इसी क्रम में जिला पुलिस ने बुधवार को कुख्यात अपराधी रविंद्र उर्फ ‘सरकार’ के अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई फर्रूखनगर क्राइम ब्रांच की टीम ने ताजनगर गांव में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंजाम दी।
पुलिस जांच में सामने आया था कि आरोपी ने अपराध से अर्जित अवैध धन के जरिए गांव में एक आलीशान मकान बनाया था। इस निर्माण के लिए न तो किसी विभाग से अनुमति ली गई थी और न ही इसके पास वैध दस्तावेज थे, जिसके चलते इसे अवैध घोषित किया गया।
मिनटों में ढहा दिया गया अवैध निर्माण
बुधवार सुबह पुलिस और नगर योजना विभाग की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची तो गांव में हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों में पूरे मकान को गिराकर मलबे में बदल दिया गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
अपराधों का लंबा रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रविंद्र उर्फ ‘सरकार’ के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे एक दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और उसकी अवैध संपत्तियों की पहचान की जा रही थी।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून तोड़ने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।







