Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद में सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने आम आदमी पार्टी के व्यापार मंडल अध्यक्ष अमन गोयल को जमीन हड़पने और फर्जी दस्तावेज़ तैयार करने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को आज अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
यह मामला सेक्टर-35 स्थित प्लॉट नंबर 71 से जुड़ा है, जिस पर लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा था। जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी माला शर्मा ने यह प्लॉट खरीदा था, लेकिन बाद में उसी जमीन को मूल मालिक ने दोबारा अमन गोयल को बेच दिया। इसी दौरान प्लॉट मालिक की मृत्यु हो गई, जिससे विवाद और बढ़ गया।
पुलिस के मुताबिक, माला शर्मा के पास प्लॉट की मूल रजिस्ट्री थी, जबकि अमन गोयल को केवल प्रमाणित प्रति के आधार पर जमीन बेची गई थी। इसके बावजूद आरोपी ने प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश की। शिकायतकर्ता ने मामला अदालत में उठाया, जहां सेशन कोर्ट से लेकर हाईकोर्ट और अंततः सुप्रीम कोर्ट तक सभी स्तरों पर फैसला माला शर्मा के पक्ष में आया।
जांच में यह भी सामने आया कि प्लॉट पर कब्जा करने के उद्देश्य से अमन गोयल ने अपने एक परिचित जितेंद्र पाराशर के नाम पर पुरानी तारीख का फर्जी एग्रीमेंट तैयार कराया। पुलिस के अनुसार यह दस्तावेज वर्ष 2024 में बनाया गया था, लेकिन इसमें 2023 की तारीख दर्शाई गई, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।
थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आज उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा सके।







