Haryana Judges Transfer: पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने हरियाणा की जिला न्यायपालिका में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 49 न्यायिक अधिकारियों के तबादले, पुनर्नियोजन और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं।
इस व्यापक बदलाव में सिविल जज (सीनियर/जूनियर डिवीजन), चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (CJM) और अतिरिक्त सिविल जज स्तर के अधिकारियों को विभिन्न जिलों में बदला गया है। कुछ अधिकारियों के पदनाम में भी बदलाव किया गया है, जबकि कई स्थानांतरण अधिकारियों के अनुरोध पर किए गए हैं।
सिरसा में प्रवेश सिंगला को चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट एवं सचिव जिला लीगल सर्विस अथॉरिटी के पद से हटाकर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) बनाया गया है। वहीं संतोष बगोठिया को उनकी जगह चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट-सह-सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला लीगल सर्विस अथॉरिटी नियुक्त किया गया है।
जींद में मोनिका को CJM-सह-सिविल जज (सीनियर डिवीजन) से बदलकर CJM बनाया गया, जबकि अमित सिहाग को CJM से CJM-सह-सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव DLSA की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रोहतक और गुरुग्राम के बीच भी महत्वपूर्ण अदला-बदली की गई है। रोहतक की निशा को गुरुग्राम भेजकर चीफ अथॉरिटी मजिस्ट्रेट-सह-सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला लीगल सर्विस अथॉरिटी बनाया गया है, जबकि गुरुग्राम के राकेश कादियान को रोहतक स्थानांतरित किया गया है। फतेहाबाद में गायत्री को CJM-सह-सिविल जज (सीनियर डिवीजन) से सिविल जज (सीनियर डिवीजन) बनाया गया है, जबकि सुयाशा जावा को CJM से CJM-सह-सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नियुक्त किया गया है।
रेवाड़ी में अमित वर्मा को CJM-सह-सिविल जज (सीनियर डिवीजन) से सिविल जज (सीनियर डिवीजन) और डॉ. रेनू सोल्खे को CJM से CJM-सह-सिविल जज (सीनियर डिवीजन) बनाया गया है। इसके अलावा अंबाला, चरखी दादरी, करनाल, पंचकूला और कैथल समेत कई जिलों में भी अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिससे जिला स्तर पर न्यायिक संरचना में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।
अतिरिक्त सिविल जज स्तर पर भी कई अहम परिवर्तन हुए हैं। डॉ. प्रियंका जैन को नूंह से कनीना, विक्रांत को सोनीपत से मोहिंद्रगढ़, नेहा यादव को पटौदी से पुन्हाना और अस्मिता देसवाल को पुन्हाना से जगाधरी भेजा गया है। वहीं डॉ. करुणा शर्मा को जगाधरी से सोनीपत स्थानांतरित किया गया है। इन तबादलों का उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाना और न्यायिक कार्यों में संतुलन स्थापित करना बताया जा रहा है।
जूनियर डिवीजन स्तर पर भी गुरुग्राम, नूंह, नारनौल और महेंद्रगढ़ क्षेत्रों में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। कई अधिकारियों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है, जबकि कुछ को प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त किया गया है।
देखें लिस्ट




हाईकोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान पद छोड़कर नई जगह कार्यभार संभालें। साथ ही, जो अधिकारी सांसदों और विधायकों से जुड़े मामलों की सुनवाई कर रहे हैं, उन्हें अपने मामलों को संबंधित सक्षम अदालतों में स्थानांतरित करना होगा।










