Haryana Weather: हरियाणा में बुधवार सुबह से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रात के समय हिसार, सिरसा, पलवल, फरीदाबाद और सोनीपत समेत कई जिलों में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन जनजीवन प्रभावित हो गया।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ ने अगले तीन घंटों के भीतर कई जिलों में तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
40–60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार गुरुग्राम, रोहतक, पानीपत, गोहाना, गन्नौर, समालखा, बहादुरगढ़, सांपला, खरखौदा, इसराना और महेंद्रगढ़ सहित कई क्षेत्रों में 40–60 किमी/घंटा की तेज हवाएं, गरज-चमक और आंधी की संभावना है।
वहीं जींद, कैथल, करनाल, भिवानी, रेवाड़ी और आसपास के इलाकों में 30–40 किमी/घंटा की हवाएं और बिजली गिरने का खतरा है।
11 जिलों में यलो अलर्ट
IMD ने आज 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है, जिनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह शामिल हैं। यहां 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।
तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत
मौसम बदलने के बाद प्रदेश में अधिकतम तापमान में 3.7°C तक गिरावट दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा तापमान रोहतक में 41.3°C, फरीदाबाद में 41.0°C, नारनौल में 40.0°C दर्ज किया गया। हालांकि, कई जिलों में बिजली कटौती और तेज हवाओं से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
किसानों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सलाह दी है। अगले 3–4 दिन सरसों की कटाई-मड़ाई रोक दें। कटी फसल को रस्सियों से बांधकर सुरक्षित रखें। कपास और सब्जियों (भिंडी, घिया, खीरा) की बुवाई फिलहाल टालें और कीटनाशकों का छिड़काव अभी न करें।









