Haryana News: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई के कार्यकाल को लेकर चल रही चर्चाओं पर आखिरकार विराम लग गया है। हरियाणा के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने उनके कार्यकाल को बढ़ाने की अधिसूचना जारी कर दी है।
अगले आदेशों तक बढ़ाया गया कार्यकाल
राजभवन की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, प्रो. बिश्नोई का मौजूदा कार्यकाल 2 मई 2026 से अगले आदेशों तक बढ़ा दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि यह निर्णय प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

नए कुलपति की नियुक्ति तक बने रहेंगे पद पर
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि प्रो. नरसी राम बिश्नोई तब तक कुलपति पद पर बने रहेंगे, जब तक नए कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती या कोई नया सरकारी आदेश जारी नहीं होता।
छात्र महापंचायत के बाद आया फैसला
यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब हिसार में जननायक जनता पार्टी (JJP) की ओर से छात्र महापंचायत आयोजित की गई थी। इस दौरान कुलपति पर कई गंभीर आरोप लगाए गए थे और सरकार पर वैचारिक हस्तक्षेप के आरोप भी सामने आए।
पहले भी हुआ था विरोध प्रदर्शन
इससे पहले, छात्र संगठन इनेसो (INSO) को कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने के बाद 15 मार्च को दिग्विजय चौटाला के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन के दौरान तनाव की स्थिति बनी और विरोध हिंसक रूप भी ले गया था।








