Haryana News: हरियाणा के पानीपत जिले के गांव बिहोली में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां खेत में काम करने वाले एक नौकर की तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस को इस मामले में मृतक के ही एक रिश्तेदार पर संदेह है, जो घटना के बाद से फरार है।
लहूलुहान मिला शव
मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया निवासी रणजीत (35) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 12 वर्षों से गांव बिहोली के पूर्व सरपंच जिले सिंह के खेतों में काम कर रहा था। दो महीने पहले ही वह अपने गांव से वापस काम पर लौटा था।

सोमवार सुबह उसका शव बिहोली–बापौली रोड स्थित एक खेत में बने कमरे के पास लहूलुहान हालत में मिला।
रिश्तेदार पर हत्या का शक
पुलिस जांच में सामने आया है कि खेत में हाल ही में एक नया नौकर विनोद काम पर रखा गया था, जो मृतक रणजीत का रिश्तेदार बताया जा रहा है। वह भी उसी कमरे में परिवार सहित रह रहा था।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, रविवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद झगड़े में विनोद ने कथित तौर पर रणजीत की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी आत्माराम और बापौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
डीएसपी ने बताया कि मामला प्राथमिक तौर पर आपसी झगड़े का प्रतीत होता है। फरार आरोपी विनोद की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।








