Haryana New City: हरियाणा सरकार प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए बड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में राव नरबीर सिंह ने नूंह में जनसुनवाई के दौरान महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे के आसपास अब 10 औद्योगिक टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही निवेश को बढ़ावा देने के लिए मई के पहले सप्ताह में नई औद्योगिक नीति लागू करने की तैयारी भी अंतिम चरण में है।
जनसुनवाई में 17 शिकायतें, 12 का मौके पर समाधान
नूंह के मिनी सचिवालय में आयोजित शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान कुल 17 शिकायतें सामने आईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि 5 मामलों को लंबित रखते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।
5 से बढ़ाकर 10 टाउनशिप, जमीन चिन्हित
प्रेस ब्रीफिंग में मंत्री ने बताया कि पहले प्रस्तावित 5 टाउनशिप को बढ़ाकर अब 10 किया गया है। इन टाउनशिप के लिए कई जगहों पर जमीन चिन्हित की जा चुकी है, जिनमें यमुनानगर (रामबारा) भी शामिल है। वहीं पलवल, जींद और रेवाड़ी में जमीन चयन और अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
नई औद्योगिक नीति से बढ़ेगा निवेश
सरकार मई के पहले सप्ताह तक नई औद्योगिक नीति लागू करने जा रही है, जिससे राज्य में निवेश बढ़ने की उम्मीद है। उद्योगों के लिए जमीन की ऊंची कीमत को देखते हुए सरकार पट्टे (लीज) पर जमीन उपलब्ध कराने के विकल्प पर भी विचार कर रही है, जिससे छोटे और मध्यम उद्योगों को राहत मिल सके।
मेवात में जल संकट से निपटने की योजना
बैठक के दौरान मंत्री ने यह भी बताया कि मेवात क्षेत्र में जल संकट को दूर करने के लिए नई जल निकासी योजना पर काम चल रहा है। इस योजना के तहत वर्षा जल का संरक्षण कर उसे सिंचाई के लिए उपयोग में लाया जाएगा।










