Haryana Polytechnic Admission: हरियाणा में तकनीकी शिक्षा हासिल करने के इच्छुक छात्रों के लिए अच्छी खबर है। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रदेश के 38 संस्थानों में विभिन्न ट्रेड्स की कुल 14,820 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें तीन महिला कॉलेज शामिल हैं, जबकि बाकी संस्थानों में छात्र और छात्राएं दोनों आवेदन कर सकते हैं।
इस बार दाखिला प्रक्रिया में कुछ नए कोर्स भी जोड़े गए हैं, जिससे छात्रों के लिए विकल्प और बढ़ गए हैं। आठ कॉलेजों में नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, जिनमें छह कॉलेजों में पर्यावरण इंजीनियरिंग की शुरुआत हुई है।
इसके अलावा साइबर फोरेंसिक एंड इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी, फैशन टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एंड व्हीकल टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक कोर्स भी उपलब्ध कराए गए हैं। डिप्लोमा इंजीनियरिंग के लिए 10वीं पास छात्रों के लिए कोर्स अवधि तीन वर्ष और 12वीं विज्ञान वर्ग के छात्रों के लिए दो वर्ष निर्धारित की गई है।
राज्य के विभिन्न जिलों में इन संस्थानों का विस्तार किया गया है। अंबाला, मेवात, फतेहाबाद, कैथल, भिवानी, पलवल, रेवाड़ी, यमुनानगर और हिसार में दो-दो संस्थान हैं, जबकि चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र और सोनीपत में एक-एक बहुतकनीकी संस्थान संचालित हैं।
सीटों के लिहाज से देखें तो हिसार में 900 सीटें, सोनीपत में 690 सीटें और करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद व अंबाला में 660-660 सीटें उपलब्ध हैं। महेंद्रगढ़ में 480 सीटें और पलवल (मंडकोला) में 450 सीटों पर दाखिले होंगे। इसके अलावा सिरसा, पानीपत और झज्जर में 420-420 सीटें हैं, जबकि अन्य जिलों में 300 से 390 सीटों के बीच अवसर उपलब्ध हैं।
दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। छात्र 18 मई तक रजिस्ट्रेशन और फीस जमा कर सकते हैं, जबकि 19 मई तक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। पहली काउंसलिंग के तहत 21 से 25 मई तक छात्र अपनी पसंद के कोर्स और कॉलेज चुनेंगे और 26 मई को सीट आवंटन का परिणाम घोषित किया जाएगा। इसके बाद दूसरी काउंसलिंग 2 से 4 जून तक आयोजित होगी, जिसका परिणाम 5 जून को जारी किया जाएगा।
राज्य में पॉलीटेक्निक संस्थानों का नेटवर्क भी काफी व्यापक है। पंचकूला में सबसे अधिक चार कॉलेज हैं, जबकि सिरसा और रोहतक में तीन-तीन संस्थान संचालित हैं।







