Haryana News: हरियाणा के सिरसा में डबवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक युवक द्वारा भाखड़ा नहर में छलांग लगाने का मामला सामने आया। कई घंटों की तलाश के बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे युवक का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान गांव झूठी खेड़ा निवासी मदनलाल (पुत्र जगदीश) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया गया। बाद में शव को डबवाली सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

मौके पर मिला सामान
जानकारी के मुताबिक, मदनलाल सुबह करीब 4:30 बजे घर से निकला था। नहर के पास उसकी बाइक, हेलमेट, चप्पल और कंबल पड़े मिले। परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की, तो एक रिश्तेदार ने नहर किनारे खड़ी बाइक देखी और तुरंत परिवार को सूचना दी।
पत्नी के खाते में भेजे 50 हजार रुपये
बताया जा रहा है कि घटना से पहले युवक ने अपनी पत्नी के खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। इसके बाद वह नहर पर पहुंचा और छलांग लगा दी।

आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था
मदनलाल पहले एक निजी नौकरी करता था, लेकिन कुछ समय पहले उसने साझेदारी में दुकान शुरू की थी। कारोबार में नुकसान होने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। हाल ही में वह खेती-बाड़ी का काम कर रहा था।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








