Haryana HPS Promotion: हरियाणा पुलिस सेवा (HPS) के 22 अधिकारियों के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) ने 28 अप्रैल को चंडीगढ़ में डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी (DPC) की महत्वपूर्ण बैठक निर्धारित की है। लंबे समय से लंबित प्रमोशन मामलों पर इस बैठक में अंतिम निर्णय होने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा सरकार की ओर से खाली पदों के मुकाबले 18 अधिकारियों के प्रमोशन प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। इनमें 2020 से 2024 तक के 18 रिक्त पद शामिल हैं, जबकि 2025 के चार पद भी इस प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
करीब दो महीने पहले मुख्य सचिव द्वारा 22 HPS अधिकारियों को इंटीग्रिटी सर्टिफिकेट जारी किया गया था, जो प्रमोशन प्रक्रिया का अहम चरण माना जाता है। हालांकि, तत्कालीन परिस्थितियों और मुख्य सचिव की स्वास्थ्य संबंधी वजहों के चलते डीपीसी की बैठक पहले नहीं हो सकी थी। अब उनके आग्रह पर यह बैठक चंडीगढ़ में आयोजित की जा रही है।
गृह विभाग के अधिकारी बैठक की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे और सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें।
सूत्रों के अनुसार, इन अधिकारियों को IPS कैडर में शामिल किए जाने पर उन्हें 2012 बैच मिलने की संभावना है। इससे पहले वर्ष 2022 में 16 DSP अधिकारियों को प्रमोशन दिया गया था।







