New Flyover: हरियाणा के पानीपत में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान की दिशा में शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया गया। जाटल रोड पर बनने वाले नए फ्लाईओवर का भूमि पूजन कर परियोजना की आधारशिला रखी गई।
स्थानीय विधायक प्रमोद विज ने बताया कि इस परियोजना पर करीब 23 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नहर पर बनने वाला यह फ्लाईओवर शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए राहत लेकर आएगा।
इन इलाकों को मिलेगा सीधा लाभ
फ्लाईओवर के निर्माण से मॉडल टाउन, 8 मरला कॉलोनी, क्रांति नगर, विराट नगर, न्यू मॉडल टाउन, शांति नगर, आरके पुरम और गुरु तेग बहादुर कॉलोनी जैसे कई क्षेत्रों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
जाटल रोड से असंध रोड और गोहाना रोड की ओर जाने वाले वाहन अब शहर के भीतर फंसे बिना आसानी से गुजर सकेंगे, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
स्कूल टाइम जाम से मिलेगी राहत
विधायक के अनुसार, 8 मरला चौक से नहर तक स्कूल समय में लगने वाले भीषण जाम से बच्चों और अभिभावकों को खास राहत मिलेगी। यह परियोजना PWD द्वारा बनाई जाएगी और इसे पूरा करने के लिए लगभग 2 वर्ष का समय निर्धारित किया गया है।
विकास को बताया प्राथमिकता
विज ने कहा कि नायब सैनी और मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में पानीपत का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहर के प्रमुख मार्गों को जाम मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।







