Weather News: देश की राजधानी नई दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी के बीच आई बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी, जिससे लोगों को राहत मिली है।
16 अप्रैल को जहां दिल्ली में इस सीजन का पहला 40°C से अधिक तापमान दर्ज किया गया था, वहीं शुक्रवार शाम और रात को मौसम ने पूरी तरह रुख बदल लिया। 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश के कारण कई इलाकों में तापमान 7 से 10 डिग्री तक गिर गया।
पश्चिमी विक्षोभ बना बदलाव की वजह
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बदलाव के पीछे एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ जिम्मेदार है। इसके साथ मध्य पाकिस्तान, उत्तर राजस्थान और दक्षिण पंजाब के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण और उससे जुड़ी ट्रफ रेखा हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है।
इसी सिस्टम के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर में अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जबकि पंजाब, हरियाणा और उत्तर राजस्थान में भी गरज-चमक के साथ बारिश जारी है।
दिल्ली में ‘टच एंड गो’ हालात
दिल्ली इस मौसम प्रणाली के बाहरी दायरे में होने के कारण यहां ‘टच एंड गो’ की स्थिति बनी हुई है। यानी कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होगी, तो कुछ जगह केवल बादल छाए रहेंगे।
वीकेंड तक राहत, लेकिन पूरी नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक 19 अप्रैल तक आसमान में बादल बने रहेंगे, जिससे तेज धूप में कमी आएगी। हालांकि भारी बारिश की संभावना कम है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 39°C के आसपास रहने का अनुमान है।







