Haryana News: हरियाणा के हिसार में शुक्रवार को पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के काफिले को रोके जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिससे विवाद और बढ़ गया है।
दुष्यंत चौटाला ने अर्बन एस्टेट थाने में दी शिकायत में आरोप लगाया कि एसपी ऑफिस जाते समय सब्जी मंडी पुल पर सीआईए इंचार्ज पवन कुमार ने उनकी गाड़ी के आगे वाहन लगाकर रास्ता रोका और हथियार दिखाकर धमकाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी को कुचलने की कोशिश की गई और इस पूरे मामले में एसपी के सिक्योरिटी इंचार्ज अमरजीत की भी मिलीभगत है। इस मुद्दे पर उन्होंने कार्रवाई की मांग की है और चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाने की बात कही है।
वहीं, दूसरी ओर सीआईए इंचार्ज पवन कुमार ने भी Urban Estate Police Station में दुष्यंत चौटाला और उनके भाई दिग्विजय चौटाला के खिलाफ शिकायत दी है। पवन कुमार का आरोप है कि दुष्यंत की गाड़ी का ड्राइवर लापरवाही से वाहन चला रहा था और कई बार टक्कर की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल ड्राइवर को सावधानी से गाड़ी चलाने के लिए कहा था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दिग्विजय चौटाला ने एक पुलिसकर्मी को धक्का दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कवलजीत(डीएसपी) को सौंपी गई है।








