HSSC PMT Admit Card: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने हरियाणा पुलिस भर्ती के फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने संदेश जारी करते हुए कहा कि आयोग “आपके सपनों के साथ हमेशा खड़ा” है और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता व सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है।
रूट प्लान भी जारी
आयोग द्वारा जारी प्लान के अनुसार जीरकपुर-रामगढ़ मार्ग से आने वाले अभ्यर्थियों को पंचकूला स्थित हुडा जिमखाना बस स्टॉप पर पहुंचना होगा। यहां से अभ्यर्थी रिसेप्शन पर जरूरी जानकारी लेने के बाद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की ओर जा सकेंगे।
प्रवेश के लिए गेट नंबर-2 और गेट नंबर-3 निर्धारित किए गए हैं। अंदर पहुंचने के बाद अभ्यर्थियों को टोकन काउंटर से टोकन लेना होगा। जिन अभ्यर्थियों का CET ग्रुप-C के दौरान बायोमेट्रिक नहीं हुआ है, उन्हें गेट नंबर-3 पर यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
- आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
- एडमिट कार्ड लिंक पर क्लिक करें
- रजिस्ट्रेशन नंबर/लॉगिन विवरण दर्ज करें
- एडमिट कार्ड डाउनलोड कर प्रिंट निकाल लें
जरूरी निर्देश
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड का प्रिंट और एक वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। समय से पहले केंद्र पर पहुंचना जरूरी होगा। किसी भी समस्या की स्थिति में आयोग से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है।
आधार आधारित बायोमेट्रिक अनिवार्य
आयोग ने करीब 2.70 लाख अभ्यर्थियों को सूचित किया है कि PMT और PST के दौरान आधार आधारित बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
चेयरमैन हिम्मत सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा एक वीडियो में अभ्यर्थियों को अपना आधार कार्ड अनलॉक रखने की सलाह दी है, ताकि वेरिफिकेशन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।









