Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में गर्मी ने फिर से तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, जबकि कुछ राज्यों में बारिश से राहत मिलने के आसार हैं। India Meteorological Department (IMD) के अनुसार उत्तर भारत के कई राज्यों में जहां गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं पूर्वोत्तर और पहाड़ी इलाकों में बारिश का दौर जारी है।
मौसम विभाग ने दिल्ली, बिहार, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, चंडीगढ़, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम समेत 13 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर सिक्किम और मेघालय में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
IMD के अनुसार, बिहार में 18 अप्रैल को, ओडिशा में 16 से 21 अप्रैल तक और पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 17 से 19 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 18 से 20 अप्रैल के बीच भारी बारिश का अलर्ट है।
दूसरी ओर, मध्य भारत में गर्मी और बढ़ने वाली है। मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन मध्य भारत में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है।
राजधानी दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 20.3°C दर्ज किया गया। 17 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहने और शाम तक हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 18 अप्रैल को बादल तो रहेंगे लेकिन बारिश के आसार कम हैं।
उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 40°C तक पहुंच सकता है, जबकि कानपुर और बरेली में भी पारा 39-40°C के आसपास रहने का अनुमान है। गोरखपुर में तापमान 42°C तक जा सकता है।
बिहार में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के बाद गर्मी बढ़ रही है, हालांकि अगले 48 घंटों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। पटना में तापमान 38°C तक पहुंच सकता है और 22 अप्रैल तक 41°C तक जाने के आसार हैं।
राजस्थान में भी गर्मी का असर बना हुआ है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 42.8°C दर्ज किया गया। हालांकि 17 अप्रैल को जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश और आंधी की संभावना है।
वहीं गुजरात में 15 से 18 अप्रैल तक मौसम शुष्क और गर्म रहेगा। 19-20 अप्रैल को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन कुल मिलाकर गर्मी का असर जारी रहेगा।







