Haryana News: हरियाणा के कैथल जिले के ढांड क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ करीब रात एक बजे स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (SDU) की टीम और आरोपी के बीच हुई, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान रजत के रूप में हुई है, जो कुरुक्षेत्र के कीर्ति नगर का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित था और वह हाल ही में एक फायरिंग की घटना में शामिल रहा था।
बताया जा रहा है कि 4 अप्रैल को चीका स्थित एक मोबाइल फोन की दुकान पर आरोपी ने फायरिंग की थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को उसके ढांड इलाके में छिपे होने की खबर मिली।
इस सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। देर रात एएसआई तरसेम के नेतृत्व में टीम ने इलाके में घेराबंदी की, जिसके दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे बदमाश घायल हो गया।









