Haryana News: हरियाणा के फतेहाबाद जिले में अब बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर सोशल मीडिया के लिए रील और वीडियो बनाना युवाओं को महंगा पड़ सकता है। रोडवेज विभाग ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी जारी की है।
रोडवेज प्रशासन ने साफ कहा है कि यदि कोई युवक-युवती बस स्टैंड परिसर में वीडियो बनाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसे तुरंत रोका जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी।
सोशल मीडिया ट्रेंड बना वजह
आजकल इंस्टाग्राम, Snapchat और Facebook जैसे प्लेटफॉर्म पर वीडियो अपलोड करने का चलन तेजी से बढ़ा है। इसके चलते युवा बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वीडियो शूट कर रहे हैं और उन्हें गानों के साथ शेयर कर रहे हैं।
विभाग की छवि पर असर
रोडवेज महाप्रबंधक कार्यालय द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि कुछ लोग बस स्टैंड पर फूहड़ और अव्यवस्थित तरीके से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं, जिससे विभाग की छवि खराब हो रही है। साथ ही, इससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
स्टाफ को दिए सख्त निर्देश
आदेश के तहत टोहाना, जाखल, रतिया, भूना और भट्टू सहित सभी बस स्टैंड के इंचार्ज, यार्ड मास्टर और स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे लोगों पर नजर रखें और मौके पर ही उन्हें रोकें।
यदि कोई व्यक्ति मना करने के बावजूद वीडियो बनाता है, तो उसके खिलाफ नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।
अनुमति लेना जरूरी
फतेहाबाद डिपो के ट्रैफिक मैनेजर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर वीडियो बनाने के लिए पहले अनुमति लेना अनिवार्य है। बस स्टैंड जैसे स्थानों पर अनुशासन बनाए रखना बेहद जरूरी है, इसी उद्देश्य से यह आदेश जारी किए गए हैं।







