Haryana Weather: हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर में गर्मी ने अब धीरे-धीरे अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पूरे क्षेत्र में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, हालांकि रात के तापमान में अभी ज्यादा इजाफा नहीं हुआ है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, अप्रैल के पहले पखवाड़े में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण बारिश, बूंदाबांदी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने तापमान को नियंत्रित रखा था। लेकिन अब किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के अभाव और पश्चिमी शुष्क हवाओं के साथ तेज धूप के कारण गर्मी तेजी से बढ़ रही है।
35 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
क्षेत्र के अधिकांश इलाकों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। भिवानी में 37.2°C, हिसार में 36.7°C, रोहतक में 36.6°C तापमान दर्ज किया गया।
इसके अलावा चरखी दादरी, गुरुग्राम, जींद, मेवात, सिरसा और सोनीपत में भी तापमान 36 डिग्री या उससे अधिक बना हुआ है।
रातें अभी भी अपेक्षाकृत ठंडी
हालांकि दिन में तेज गर्मी महसूस की जा रही है, लेकिन रात के समय उत्तरी हवाओं के चलते तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे कुछ राहत मिल रही है।
आगे और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। विशेषकर हरियाणा के पश्चिमी और दक्षिणी क्षेत्रों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच सकता है।
इसके साथ ही कुछ स्थानों पर हीट वेव (लू) की स्थिति बनने की भी आशंका जताई गई है।







