Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में पुलिस ने एक स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई सेक्टर-5 स्थित एक स्पा सेंटर पर की गई, जहां छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई लोगों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक को भेजा। जैसे ही सौदा तय हुआ, पुलिस टीम ने मौके पर छापा मार दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक ग्राहक के साथ संदिग्ध अवस्था में एक महिला को पकड़ा। इसके अलावा दो अन्य महिलाओं और स्पा के मैनेजर को भी गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में मॉडल टाउन थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि स्पा सेंटर में मैनेजर द्वारा महिलाओं को करीब 3,000 रुपये में ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
फिलहाल स्पा सेंटर का मालिक बंटी और एक अन्य मैनेजर फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि ऐसे अनैतिक कार्यों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







