Haryana News: हरियाणा के अंबाला में बागवानी विभाग में सामने आए करीब 40 लाख रुपये के सब्सिडी घोटाले के मामले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को इस मामले में पांच कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया।
यह घोटाला वर्ष 2025 में उस समय उजागर हुआ था जब मुख्यमंत्री फ्लाइंग स्क्वॉड की जांच में अनियमितताओं का खुलासा हुआ था। इसके बाद तत्कालीन जिला बागवानी अधिकारी समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
सोमवार को विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया उनमें माली हैप्पी सिंह, माली नवनीत, सलाहकार शिवम, माली राजेश कुमार और लेखाकार गुरविंदर सिंह शामिल हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि गबन की गई राशि कहां खर्च या छिपाई गई और इस पूरे मामले में विभाग के अन्य कौन-कौन अधिकारी शामिल थे।
जांच एजेंसियों का कहना है कि यह मामला केवल कुछ कर्मचारियों तक सीमित नहीं हो सकता और इसमें और बड़े नामों के सामने आने की संभावना है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।







