Haryana News: हरियाणा के करनाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक फॉरेस्ट ऑफिसर को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसान को डरा-धमकाकर पैसे मांग रहा था।
ACB टीम ने शुक्रवार देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। रातभर उससे पूछताछ की गई और शनिवार को मेडिकल के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
किसान को डराकर मांगी रिश्वत
ACB इंस्पेक्टर सुल्तान सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान चांदवीर के रूप में हुई है, जो वन विभाग में फॉरेस्ट ऑफिसर है। मामला असंध क्षेत्र के जींद रोड का है, जहां एक किसान अपने खेत में फार्म हाउस बनाने के लिए रास्ता तैयार कर रहा था।
इसी दौरान आरोपी मौके पर पहुंचा और किसान पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने और पेड़ काटने का आरोप लगाकर उसे डराने लगा।
15 लाख जुर्माने का डर दिखाकर सौदा तय
जांच में सामने आया कि चांदवीर ने किसान को 15 लाख रुपये के जुर्माने का डर दिखाया और उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने जेसीबी से फार्म हाउस के सामने गड्ढे खुदवाए और दबाव बनाते हुए मामला डेढ़ लाख रुपये में “सेटल” करने की बात कही।
ACB का जाल और रंगेहाथ गिरफ्तारी
पीड़ित किसान की शिकायत पर ACB ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत रिश्वत की रकम पर विशेष पाउडर लगाया गया और नोटों के नंबर दर्ज किए गए।
शुक्रवार रात आरोपी ने किसान को असंध रोड स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में बुलाया। जैसे ही किसान ने उसे डेढ़ लाख रुपये दिए, ACB टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।







