Haryana Lado Laxmi Yojana: हरियाणा सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ा दिया है। अब राज्य में उन परिवारों की महिलाएं भी इस योजना का लाभ ले सकेंगी, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख तक है। पहले यह सीमा 1 लाख तक निर्धारित थी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में विधानसभा में बजट भाषण के दौरान इस आय सीमा को बढ़ाने की घोषणा की थी, जिसे अब लागू कर दिया गया है। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाना है।
क्या है योजना का लाभ
वर्तमान में 23 वर्ष से अधिक आयु की करीब 9.56 लाख महिलाओं को इस योजना के तहत हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाती है।
इस राशि में से 1100 रुपये बचत खाते में जमा होते हैं, जिन्हें महिलाएं हर महीने निकाल सकती हैं। 1000 रुपये सावधि जमा (RD) खाते में डाले जाते हैं, जो अधिकतम 5 वर्षों के लिए संचालित होता है। परिपक्वता अवधि पूरी होने पर महिलाएं आरडी खाते की पूरी राशि एक साथ निकाल सकती हैं।
अब तक का खर्च और लाभार्थी
राज्य सरकार के सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण विभाग के अनुसार, अब तक करीब 835 करोड़ की राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।







