Haryana Weather: हरियाणा में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार के मुकाबले रविवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान सामान्य से करीब 2.2 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है।
तापमान की बात करें तो गुरुग्राम स्थित नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी में सबसे अधिक 33.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी में 32.9 और हिसार में 32.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जबकि कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिला।
मौसम विभाग ने 6 अप्रैल को प्रदेश के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है। वहीं 7 और 8 अप्रैल को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और बारिश का अनुमान है।
7 अप्रैल को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 8 अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा 5 और 6 अप्रैल को भी कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में तेज हवाओं और गरज-चमक का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। वहीं अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।







