Haryana News: हरियाणा में सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में 195 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर भर्ती की जाएगी। ये नियुक्तियां गायनकोलॉजिस्ट, पीडियाट्रिशियन, फिजिशियन (मेडिसिन) और एनेस्थेटिस्ट जैसे महत्वपूर्ण पदों पर होंगी।
भर्ती के तहत सामान्य जिलों में एमबीबीएस के साथ डिप्लोमा धारकों को करीब 1 लाख रुपये प्रति माह और एमडी/एमएस/डीएनबी डिग्री धारकों को 1.50 लाख रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। वहीं नूंह जिले में डॉक्टरों को अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा, जहां डिप्लोमा धारकों को 1.50 लाख और डिग्री धारकों को 2 लाख रुपये प्रति माह तक वेतन दिया जाएगा। ये सभी भर्तियां नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के माध्यम से की जाएंगी।
प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के चलते मरीजों को अक्सर दिल्ली और चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सरकार ने गुरुग्राम को छोड़कर अन्य जिलों में यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की है।
कुल 195 पदों में 56 गायनकोलॉजिस्ट, 62 पीडियाट्रिशियन, 32 फिजिशियन और 45 एनेस्थेटिस्ट शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए हर बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे, जबकि दस्तावेजों का सत्यापन हर वीरवार को संबंधित सिविल सर्जन कार्यालय में किया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों को ऑफर लेटर मिलने के 30 दिनों के भीतर जॉइन करना अनिवार्य होगा। इस पहल से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं, खासकर मातृ-शिशु देखभाल और आपात सेवाओं में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।







