Haryana News: हरियाणा में साइबर हमलों के संभावित खतरे से निपटने के लिए प्रदेश सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य में जल्द ही “हरियाणा डिजिटल कवच–साइबर सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र” स्थापित किया जाएगा, जो विभिन्न विभागों की डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करेगा।
वर्तमान में पंचकूला में प्रदेश स्तरीय डायल 112 केंद्र पहले से संचालित है। वहीं गुरुग्राम, जिसे साइबर सिटी के रूप में जाना जाता है, में कई विदेशी कंपनियों के कॉल सेंटर कार्यरत हैं। ऐसे में भविष्य के साइबर खतरों को देखते हुए सरकार ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है।
प्रस्तावित साइबर सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र 24 घंटे सक्रिय रहेगा और सभी सरकारी विभागों को थ्रेट इंटेलिजेंस, त्वरित प्रतिक्रिया (इंसिडेंट रिस्पॉन्स) और सुरक्षा मानकों के पालन में सहायता प्रदान करेगा। इसके जरिए किसी भी संभावित हमले को पहले ही रोकने के उपाय किए जाएंगे। साथ ही, संबंधित विभागों के सिस्टम का नियमित सुरक्षा परीक्षण भी किया जाएगा, जिससे कमजोरियों की पहचान समय रहते हो सके।
प्रदेश सरकार आने वाले समय में 70 विभागों की करीब 1000 योजनाओं और सेवाओं को एकीकृत करने की योजना बना रही है। इनके संचालन के लिए वन स्टॉप हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में नागरिक संसाधन सूचना विभाग (CRID) की अहम भूमिका रहेगी।
हाल ही में पेश किए गए बजट में इन परियोजनाओं के लिए 423 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और साइबर सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकेगा।







