Haryana News: हरियाणा के सोनीपत जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर 2 अप्रैल 2026 की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें पंजाब के कांग्रेस नेता खुशबाज जिटाना और उनके ड्राइवर परमिंदर की मौत हो गई, जबकि उनका गनमैन गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब वे दिल्ली से अपने घर पंजाब लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब 6:15 बजे जाखौली टोल प्लाजा के पास उनकी कार का टायर पंक्चर हो गया था। इसके बाद उन्होंने गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया और एक स्थानीय मिस्त्री को बुलाकर टायर ठीक करवाने लगे। उस दौरान ड्राइवर परमिंदर मिस्त्री के साथ मिलकर स्टेपनी बदल रहा था, जबकि खुशबाज जिटाना और उनका गनमैन गाड़ी के पास नीचे खड़े थे।
इसी बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी खड़ी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में नेता और ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गनमैन गंभीर रूप से घायल हो गया। पंक्चर लगाने वाला मिस्त्री भी इस हादसे में घायल हुआ है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए सोनीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
खुशबाज जिटाना ने वर्ष 2022 में पंजाब की तलवंडी साबो विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें 35,260 वोट मिले थे और वे दूसरे स्थान पर रहे थे, जबकि आम आदमी पार्टी की प्रोफेसर बलजिंदर कौर ने जीत दर्ज की थी।







