Haryana News: हरियाणा में मंगलवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों को बड़ा झटका दिया है। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, रेवाड़ी, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ जिलों के करीब 100 गांवों में खड़ी गेहूं, सरसों और चने की फसल को नुकसान पहुंचा है। खासतौर पर पकने के करीब पहुंच चुकी फसल पर ओलों की मार से उत्पादन पर सीधा असर पड़ने की आशंका है।
इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रभावित किसानों को राहत देने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि वे खुद किसान परिवार से हैं और इस तरह के नुकसान को समझते हैं। पटवारी और तहसीलदारों की रिपोर्ट के आधार पर नुकसान का आकलन किया जाएगा और उसके अनुसार किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
मौसम की बात करें तो India Meteorological Department के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार 1 और 2 अप्रैल को मौसम कुछ हद तक सामान्य रहेगा, जिससे लोगों को राहत मिल सकती है। हालांकि यह राहत ज्यादा लंबे समय तक नहीं रहने वाली, क्योंकि 3 और 4 अप्रैल को फिर से मौसम बदलने के संकेत हैं। इस दौरान दोबारा बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे किसानों की चिंता अभी बनी हुई है।







