Haryana Weather: हरियाणा में आज से मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के करीब 15 जिलों में बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। प्रभावित जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर समेत उत्तरी और पश्चिमी हरियाणा के कई क्षेत्र शामिल हैं।
कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू होने के आसार हैं, जिससे मौसम सुहावना हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 26 मार्च से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे दिन में बढ़ रही गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है।
विभाग का कहना है कि 27 मार्च को दक्षिण और पूर्वी जिलों में भी बारिश का दायरा बढ़ेगा। वहीं 28 मार्च को अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। 29 मार्च तक कई स्थानों पर गरज-चमक और आंधी जारी रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
किसानों को सलाह दी गई है कि तेज हवाओं और संभावित ओलावृष्टि को ध्यान में रखते हुए फसलों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें।
इस बीच, राज्य में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। औसतन करीब 1 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। सबसे कम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस सोनीपत में रिकॉर्ड किया गया, जबकि हिसार में 15.5°C, करनाल में 14°C और रोहतक में 16.8°C दर्ज हुआ। अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
वहीं दिन के तापमान में औसतन 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 35°C गुरुग्राम में रिकॉर्ड किया गया। हिसार में 34°C, अंबाला में 31.6°C और करनाल में 31.2°C दर्ज हुआ। दिन में धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन मौसम में आए बदलाव के चलते आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना है।







