Haryana Weather: हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के अनुसार इस सप्ताह प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिनके असर से अलग-अलग दिनों में बारिश और मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
पहला पश्चिमी विक्षोभ आज रात से सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 26 और 27 मार्च को हरियाणा के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जिलों की बात करें तो 26 मार्च को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत में बारिश के आसार जताए गए हैं। वहीं 27 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की मौसम गतिविधि रहेगी, जबकि बाकी इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है।
दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 29 मार्च की रात से सक्रिय होगा, जिसका असर 30 और 31 मार्च को अधिक देखने को मिलेगा। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और मौसम में ठंडक बढ़ेगी।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखी गई। महेंद्रगढ़, भिवानी और हिसार जैसे क्षेत्रों में तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 26 मार्च के बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में गिरावट आएगी। बादलों की आवाजाही और बारिश के चलते दिन के तापमान में कमी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।








