Haryana News: हरियाणा की राजनीति में राज्यसभा चुनाव के बाद उठे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। पलवल की हथीन विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल ने क्रॉस वोटिंग को लेकर कई अहम खुलासे किए हैं।
इसराइल ने साफ कहा कि कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध उन्हें पसंद नहीं थे और न ही उन्होंने उनसे वोट मांगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उदयभान को उम्मीदवार बनाया जाता, तो वे निश्चित रूप से उनके पक्ष में वोट करते।
गौरतलब है कि इसराइल उन पांच विधायकों में शामिल हैं, जिन्हें कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग के मामले में नोटिस जारी किया है। नोटिस मिलने के बाद उन्होंने अपने दफ्तर और सोशल मीडिया से कांग्रेस से जुड़ी पहचान हटा दी है, जिससे सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि इस पूरे मामले पर इसराइल ने कैमरे के सामने ज्यादा कुछ कहने से इनकार किया है। उन्होंने संकेत दिया है कि वह एक-दो दिन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले पर खुलकर बात करेंगे। कैमरा बंद होने पर उन्होंने पार्टी और नेतृत्व को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की, जिसमें खासतौर पर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का जिक्र सामने आया।
इस राजनीतिक विवाद के बीच पारिवारिक तनाव भी खुलकर सामने आ गया है। विधायक के बेटे नाजिम चौधरी ने सार्वजनिक रूप से अपने पिता से रिश्ता तोड़ने की बात कही थी और उन पर कांग्रेस के साथ विश्वासघात का आरोप लगाया था। हालांकि इस संवेदनशील मुद्दे पर इसराइल ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और चुप्पी साध ली।







