Haryana News: हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मामले में कांग्रेस के पांचवें विधायक का नाम भी सामने आ गया है। फतेहाबाद की रतिया सीट से विधायक जरनैल सिंह को कांग्रेस की अनुशासन समिति ने नोटिस जारी कर 7 दिन के भीतर जवाब मांगा है।
इसकी पुष्टि अनुशासन समिति के सदस्य सचिव एडवोकेट रोहित जैन ने की है। समिति के चेयरमैन धर्मपाल मलिक पहले ही चार विधायकों—नारायणगढ़ से शैली चौधरी, साढौरा से रेनू बाला, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास और हथीन से मोहम्मद इजराइल को नोटिस जारी कर चुके थे। पांचवें नाम को लेकर अब तक सस्पेंस बना हुआ था, जो अब खत्म हो गया है।
जरनैल सिंह वही विधायक हैं जिन्होंने रतिया क्षेत्र में करीब 30 साल बाद कांग्रेस की वापसी करवाई थी। हालांकि, वे कई मौकों पर भाजपा सरकार के कामकाज की खुलकर तारीफ करते रहे हैं। सार्वजनिक मंचों से लेकर हालिया विधानसभा सत्र में भी उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सराहना की थी, जिससे पहले ही राजनीतिक अटकलें तेज थीं।
नोटिस जारी होने के बाद उनका बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के “सच्चे सिपाही” हैं और उन्होंने अपना वोट भूपेंद्र सिंह हुड्डा को दिखाकर डाला था।







