Haryana: हरियाणा के फतेहाबाद में सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली, इंस्पेक्टर घायल

Published On: March 17, 2026
Follow Us

Haryana News: हरियाणा के फतेहाबाद में सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने से एक पुलिस इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल इंस्पेक्टर को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हिसार रेफर कर दिया गया। गोली लगने से उनका काफी खून बह गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इंस्पेक्टर सड़क पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं और उनके पेट से खून निकल रहा है।

वीडियो में जब कुछ लोग उनके पास पहुंचते हैं तो वह उनसे कहते हैं कि उनकी गाड़ी पास में खड़ी है और उन्हें अस्पताल ले जाया जाए। इसके बाद राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

धांगड़ गांव के पास घायल मिले

जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर शमशेर सिंह अपनी निजी किआ कार से हिसार से फतेहाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वह धांगड़ गांव के पास हाईवे की दूसरी लेन पर खून से लथपथ बैठे मिले। एक युवक ने राहगीरों की मदद से उन्हें गाड़ी में बैठाकर सद्भावना अस्पताल पहुंचाया और साथ ही डायल-112 पर भी सूचना दी।

सिरसा पुलिस लाइन में तैनात

इंस्पेक्टर शमशेर सिंह सिरसा पुलिस लाइन में तैनात हैं और फिलहाल मिसिंग सेल के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। वह मूल रूप से टोहाना के धारसूल कलां गांव के रहने वाले हैं। इससे पहले वह सिरसा में ट्रैफिक एसएचओ और रोड़ी थाने के एसएचओ भी रह चुके हैं। करीब दो महीने पहले ही उनका तबादला पुलिस लाइन में किया गया था।

गांव के सरपंच के अनुसार शमशेर सिंह के पिता सीताराम नंबरदार का करीब एक साल पहले निधन हो गया था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं। उनके दोनों बड़े भाई गांव में खेती-बाड़ी करते हैं। शमशेर सिंह अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ हिसार में रहते हैं।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही वह गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और सभी से सामान्य तरीके से मिले थे। उस समय वह किसी तनाव में नहीं दिख रहे थे।

पुलिस कर रही जांच

सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किन परिस्थितियों में गोली चली। मामले की जांच Haryana Police कर रही है। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर के बयान मिलने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।

Sahab Ram

साहब राम "द न्यूज़ रिपेयर" के एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। साहब का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment