Haryana News: हरियाणा में फरीदाबाद सेक्टर-35 स्थित अशोका एंकलेव में एक होटल संचालक पर बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा फायरिंग करने का मामला सामने आया है। गनीमत रही कि गोली पीड़ित की गर्दन के पास से छूते हुए निकल गई और वह बाल-बाल बच गया। Haryana Police के सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन युवकों को राउंडअप कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
डेढ़ साल पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह
सेक्टर-58 के करनेरा गांव स्थित बालाजी कॉलोनी निवासी प्रतीक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले कई वर्षों से सेक्टर-35 में होटल चला रहा है। करीब डेढ़ साल पहले उसके होटल में करनाल के बहाड़ी गांव का रहने वाला रमन ठहरने आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद से रमन उससे रंजिश रखने लगा।
इंस्टाग्राम रील को लेकर दी थी धमकी
प्रतीक के अनुसार, कुछ दिन पहले उसने इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की थी। इस पर रमन ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। शनिवार रात करीब 10 बजे जब वह होटल के नीचे टहल रहा था, तभी दो युवक पैदल उसके पास आए और अचानक उसकी ओर फायर कर दिया। एक गोली उसकी गर्दन के पास से निकल गई।
बाइक पर सवार होकर फरार हुए आरोपी
गोली चलने की आवाज सुनकर होटल के कर्मचारी बाहर आ गए, लेकिन तब तक तीनों बदमाश बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो चुके थे। बताया जा रहा है कि उनका एक साथी पहले से बाइक स्टार्ट करके खड़ा था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। जांच के दौरान पुलिस और क्राइम ब्रांच बॉर्डर टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रमन सहित तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।







