Haryana News: हरियाणा में ‘टटीरी’ गाने को लेकर बॉलीवुड सिंगर बादशाह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने गाने को लेकर सिंगर को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए हैं। सिंगर के साथ-साथ गाने के निर्देशकों और प्रोडक्शन हाउस को भी नोटिस भेजा गया है।
इससे पहले 13 फरवरी को हरियाणा महिला आयोग ने भी मामले में कार्रवाई करते हुए बादशाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए थे। आयोग के समन पर पेश न होने के बाद पंचकूला और पानीपत के पुलिस अधिकारियों को उनका पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश भी दिए गए थे।
वीडियो में बच्चों की प्रस्तुति पर आपत्ति
Haryana State Commission for Protection of Child Rights का कहना है कि गाने की वीडियो में स्कूली बच्चों को गलत तरीके से पेश किया गया है। आयोग के मुताबिक इससे छात्रों में अनुशासनहीनता और गलत व्यवहार को बढ़ावा मिल सकता है।
टटीरी 1 मार्च को रिलीज हुआ था। रिलीज होते ही गाने के लिरिक्स और वीडियो में दिखाए गए कुछ दृश्यों को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाने को यूट्यूब से हटवा दिया था और मामला महिला आयोग तक पहुंच गया।
बादशाह समेत कई लोगों को नोटिस
बाल अधिकार आयोग को इस गाने को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद आयोग ने शनिवार को ई-मेल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बादशाह को नोटिस जारी किया। आयोग ने सात दिन के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा है।
आयोग ने सिंगर के अलावा वीडियो निर्देशक माही संधू और जोबन संधू, प्रोडक्शन हाउस ‘बटुगेदरप्रोस’ और कंपनी के सीईओ आलाप गोशर को भी नोटिस भेजा है।
आयोग की 3 मुख्य आपत्तियां
आयोग ने गाने की वीडियो को लेकर तीन प्रमुख आपत्तियां जताई हैं—
स्कूली वर्दी का दुरुपयोग: वीडियो में कलाकारों को स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाया गया है, जो शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा से जुड़ा विषय माना गया है।
अनुशासनहीन व्यवहार: कुछ दृश्यों में छात्राओं को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई के प्रति उदासीन दिखाया गया है।
जोखिम भरे स्टंट: बच्चों को चलती बस में नाचते और हुड़दंग करते दिखाया गया है। साथ ही लिरिक्स में अभद्र भाषा के प्रयोग पर भी आपत्ति जताई गई है।







