Haryana: हरियाणा में पलटी रोडवेज बस, 50 यात्री घायल

Published On: March 14, 2026
Follow Us

Haryana News: हरियाणा के जींद जिले में रोडवेज की एक बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के समय बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना में सभी यात्री चोटिल हो गए, जबकि ड्राइवर समेत 5-6 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार HR-56GV-6198 नंबर की यह बस उचाना से जयपुर जा रही थी। बड़ौदा गांव के पास पहुंचते ही बस पहले डिवाइडर से टकराई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बस सड़क किनारे खड़ी एक लोडिंग गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोडिंग गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बस करीब 20 मीटर दूर सड़क से नीचे उतरकर पलट गई।

बताया जा रहा है कि यह बस किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही थी। बस का ड्राइवर निजी था, जबकि कंडक्टर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नियुक्त किया गया था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उचाना और जींद के अस्पतालों में पहुंचाया।

बस में सवार एक महिला यात्री प्रवीण ने बताया कि बस तेज रफ्तार में चल रही थी और ड्राइवर मोबाइल पर वीडियो कॉल में व्यस्त था। उनका कहना है कि ड्राइवर का ध्यान सड़क से हटने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।

वहीं लोडिंग गाड़ी के चालक पंकज ने बताया कि वह अपनी गाड़ी लेकर जींद जा रहा था और रास्ते में शौच के लिए गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर नीचे उतर गया था। उसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार बस उसकी गाड़ी से टकरा गई।

ट्रैफिक थाना पुलिस के एसएचओ शमशेर सिंह के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में ड्राइवर समेत 5-6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

उधर उचाना के चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील गर्ग के मुताबिक अस्पताल में 24 घायलों को लाया गया, जिनमें से कई की हालत गंभीर थी और उन्हें Post Graduate Institute of Medical Sciences, Rohtak रेफर किया गया। करीब 18 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि 5 लोगों को फ्रैक्चर हुआ है।

Sahab Ram

साहब राम "द न्यूज़ रिपेयर" के एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। साहब का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment