Kal Ka Mausam: देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सर्दियों ने इस बार अपने सामान्य समय से करीब 15 दिन पहले विदाई ले ली है और गर्मी ने भारत के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, राजस्थान और महाराष्ट्र सहित देश के अधिकांश राज्यों में मार्च के शुरुआती दिनों में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस होने लगी है।
लोगों ने अभी से कूलर, पंखे और कई जगहों पर एसी चलाने शुरू कर दिए हैं। वहीं बच्चों की परीक्षाएं खत्म होने के बाद कई परिवार छुट्टियों में घूमने का प्लान बना रहे हैं, ऐसे में मौसम का ताजा अपडेट जानना जरूरी हो गया है।
दिल्ली में ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में भी गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 31°C से 33°C और न्यूनतम तापमान 18°C से 20°C के बीच रह सकता है।
इस दौरान करीब 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 15 मार्च को हल्की बारिश होने का अनुमान है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।
यूपी-बिहार में बढ़ेगा तापमान
उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। इस दौरान हल्की हवाएं चलती रहेंगी।
वहीं बिहार के कई हिस्सों में गर्मी का असर पहले ही तेज हो चुका है। यूपी में 15 और 16 मार्च को 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में बारिश के आसार
राजस्थान में भी मौसम तेजी से गर्म हो रहा है। लोगों ने गर्मी से राहत पाने के लिए पंखों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है और ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 मार्च को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 30–50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं।
पंजाब-हरियाणा में मिल सकती है राहत
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत हैं। 15 से 19 मार्च के बीच कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
हरियाणा में शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 31°C और न्यूनतम तापमान 16°C रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के कई हिस्सों में बादल, बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।







