New Flyover: हरियाणा के गुरुग्रामवासियों को जल्द ही जाम की समस्या से राहत मिलने वाली है। यहां के अंबेडकर चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण का फैसला लिया गया है। इसे लेकर टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया भी अपने आखिरी फेज में है।
37 करोड़ होंगे खर्च
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के अधिकारी का कहना है कि 15 फरवरी तक टेंडर आवंटित कर दिए जाएंगे। टेंडर आवंटन के डेढ साल के अंदर ही फ्लाईओवर बनकर तैयार कर लिया जाएगा। एक KM लंबे इस फ्लाइओवर को बनाने के लिए करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मौजूदा वक्त में इस चौराहे पर ट्रैफिक लगता है।
जाम की समस्या होगी खत्म
GMDA ने इस चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगाया है, लेकिन यातायात ज्यादा होने की वजह से सुबह और शाम के वक्त चौराहे को पार करने में ड्राइवरों को 10 से 15 मिनट तक जाम का सामना करना पड़ता है। लोगों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए GMDA ने 2-2 लेन का फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई है। इस फ्लाईओवर को गुरुग्राम-सोहना हाईवे की तरफ बनाया जाएगा।
गुरुग्राम सेक्टर-52 के पूर्व प्रधान प्रदीप बोहरा ने कहा कि फ्लाईओवर के बन जाने के बाद इस चौक पर जाम नहीं लगेगा। GMDA के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा ने कहा कि फ्लाईओवर के निर्माण का डिजाइन बनकर तैयार हो गया है। सलाहकार कंपनी ने टेंडर डॉक्यूमेंट्स को तैयार कर लिया है। आने वाले 3 से 4 महीने के भीतर फ्लाईओवर को बनाने का काम शुरू हो जाएगा। 2027 तक यह फ्लाईओवर बन जाएगा, जिसके बाद चालकों को इस चौराहे से निकलने में राहत मिल सकेगी।
जानें कहा-कहा से गुजरेगा फ्लाईओवर
मिली जानकारी के अनुसार दादी सती चौक (सेक्टर 85-86-89-90 चौक) पर फ्लाईओवर को बनाने का टेंडर भी इस महीने लग जाएगा। GMDA का कहना है कि भविष्य में इस चौक पर यातायात ज्यादा देखने को मिलेगा। GMDA के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा ने कहा कि फ्लाईओवर बनाने के दौरान ड्राइवरों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। मेट्रो या NHAI परियोजना के तहत केवल उतने हिस्से में बेरिकेडिंग की जाएगी, जिसमें निर्माण कार्य किया जाएगा। सड़क को आवाजाही के लिए बंद नहीं किया जाएगा।







