ESIC Recruitment 2026 : कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने इंश्योरेंस मेडिकल ऑफिसर ग्रेड–II (IMO Gr. II) के खाली पदों पर भर्ती निकली है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक व योग्य उम्मीदवार इस भर्ती के लिए तय तारीख तक आवेदन कर सकते हैं। सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 17 फरवरी 2026 रखी गई है, जबकि कुछ आरक्षित क्षेत्रों के लिए फॉर्म पहुंचने की आखिरी तारीख 24 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन रखी गई है। उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन फॉर्म को सही तरीके से भरना होगा और आवश्यक दस्तावेजों की सेल्फ अटेस्टेड फोटो कॉपी इसके साथ संलग्न करनी होगी। भरे हुए आवेदन पत्र को स्पीड पोस्ट के माध्यम से The Joint Director (Recruitment), ESI Corporation, Panchdeep Bhawan, CIG Marg, New Delhi–110002 के पते पर भेजना अनिवार्य है।
जानें शैक्षणिक योग्यता
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से MBBS डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ ही अभ्यर्थी ने Combined Medical Services Examination 2024 में भाग लिया हो और उसका नाम प्रतिभा सेतु पोर्टल पर दर्ज होना चाहिए। आयु-सीमा की गणना 1 अगस्त 2024 के आधार पर की जाएगी, जिसमें अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु में छूट का लाभ मिलेगा।
चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-10 के अनुसार आकर्षक वेतन दिया जाएगा। इस पद पर नियुक्त होने वाले अभ्यर्थियों को 56,100 रुपये से लेकर 1,77,500 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा, जो मेडिकल सेक्टर की अन्य नौकरियों की तुलना में काफी बेहतर माना जा रहा है।
कुल 225 पदों पर होगी नियुक्ति
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 225 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें अनुसूचित जाति के लिए 64, अनुसूचित जनजाति के लिए 43, ओबीसी के लिए 33, ईडब्ल्यूएस के लिए 22 और अनारक्षित वर्ग के लिए 63 पद शामिल हैं। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और शर्तों को समझने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ने की सलाह दी जाती है।












