Haryana: हरियाणा में बीटेक छात्रा ने की आत्महत्या, हॉस्टल रूम में फंदे से लटका मिला शव

Published On: August 26, 2025
Follow Us

Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम स्थित BML मुंजाल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एक बीटेक की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 19 वर्षीय भूमिका, निवासी अलवर, राजस्थान के रूप में हुई है। सोमवार रात को वह अपनी एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल हुई थी, लेकिन पार्टी खत्म होने से पहले ही वह कमरे पर लौट आई और कथित रूप से फांसी लगा ली।

घटना की जानकारी मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और फिलहाल मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।

जांच अधिकारी बिजेंद्र के मुताबिक, सोमवार रात हॉस्टल में भूमिका की एक सहेली का बर्थडे था। भूमिका रात करीब 10 बजे अपनी रूम पार्टनर के साथ पार्टी में शामिल हुई थी। लेकिन पार्टी खत्म होने से पहले ही रात 12 बजे वह अपने कमरे में लौट आई।

रात करीब 1:30 बजे पार्टी में रिबन की जरूरत पड़ी। गिफ्ट शॉप में रिबन नहीं मिलने पर रूम पार्टनर, भूमिका के रूम पर आई लेकिन दरवाजा अंदर से लॉक मिला। दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद हॉस्टल वार्डन को सूचना दी गई।

हॉस्टल प्रशासन ने प्लंबर को बुलाकर किसी तरह दरवाजा खुलवाया। अंदर कमरे में भूमिका फंदे से लटकी हुई मिली। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य छात्राएं भी मौके पर पहुंच गईं।

पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब 4 बजे दी गई। शव को फंदे से उतारकर अस्पताल भेजा गया और परिजनों को भी सूचना दी गई। सुसाइड का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

भूमिका की रूम पार्टनर ने बताया कि वह पार्टी में पूरी तरह सामान्य लग रही थी। उसके व्यवहार में कोई तनाव या परेशानी नहीं दिख रही थी और पार्टी में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ, जो आत्महत्या का कारण बन सके।

Sahab Ram

साहब राम "द न्यूज़ रिपेयर" के एक समर्पित और खोजी पत्रकार हैं, जो जमीनी हकीकत को सामने लाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी में सामाजिक सरोकार, जनहित और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की झलक मिलती है। साहब का उद्देश्य है—सच्ची खबरों के ज़रिए समाज में बदलाव लाना और उन आवाज़ों को मंच देना जो अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। पत्रकारिता में उनकी पैनी नजर और निष्पक्ष दृष्टिकोण "द न्यूज़ रिपेयर" को विश्वसनीयता की नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment