Haryana Weather: हरियाणा में गर्मी ने नया रूप ले लिया है। दिन के बढ़ते तापमान के साथ अब रातें भी राहत देने के बजाय गर्म होती जा रही हैं। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने पहली बार प्रदेश में “वॉर्म नाइट” (गर्म रात) का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण हरियाणा के नारनौल, रेवाड़ी, पलवल, नूंह, चरखी दादरी और रोहतक जिलों में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद और हिसार को छोड़कर पूरे राज्य में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
25 अप्रैल तक लू का असर, 26 को बदलेगा मौसम
विभाग ने चेतावनी दी है कि 25 अप्रैल तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहेगा। इसके बाद 26 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
क्या होती है ‘वॉर्म नाइट’?
“वॉर्म नाइट” उस स्थिति को कहा जाता है जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री सेल्सियस अधिक बना रहता है। ऐसी स्थिति में शरीर को पर्याप्त ठंडक नहीं मिल पाती, जिससे हीट स्ट्रेस और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ जाते हैं।
तापमान का हाल
प्रदेश में गर्मी लगातार तेज हो रही है। औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। फरीदाबाद (बोपानी) में सबसे अधिक 42.9°C तापमान दर्ज हुआ। भिवानी में 42.5°C, नारनौल में 42.0°C, गुरुग्राम और सिरसा में लगभग 41°C दर्ज किया गया।
अन्य जिलों जैसे रोहतक, हिसार और करनाल में तापमान 39 से 40°C के बीच रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3–4 दिनों में तापमान में 3–4°C तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
रात के तापमान में हल्की गिरावट (-0.5°C) दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है।
किसानों के लिए एडवाइजरी
बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए किसानों के लिए विशेष सलाह जारी की गई है। गेहूं में यलो रस्ट और दीमक की निगरानी रखें। एफिड (चेपा) नियंत्रण के लिए नीम आधारित या अनुशंसित दवाओं का छिड़काव करें। सरसों और रेपसीड में कीट प्रबंधन पर ध्यान दें और साइट्रस फसलों में सिंचाई बढ़ाएं और रोग नियंत्रण करें।
हिसार क्षेत्र के किसानों को फिलहाल सरसों की कटाई कुछ दिन रोकने और कपास व मूंग की बुवाई टालने की सलाह दी गई है।








