Haryana News: हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली बाजार में जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। मंगलवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बाजार के दोनों ओर बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। बुलडोजर के जरिए सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे और अवैध निर्माण हटाए गए, जिससे बाजार की सड़कों को खाली कराया जा सके।
कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। उनका कहना है कि प्रशासन केवल अतिक्रमण हटाने के समय ही सक्रिय होता है, जबकि बाजार में जलभराव और अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर लंबे समय से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कई व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सड़कें हफ्तों तक पानी से भरी रहती हैं, लेकिन उस समय कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचता।
मौके पर लोक निर्माण विभाग (PWD), पब्लिक हेल्थ विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मौजूद रहीं। अभियान की निगरानी ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार आनंद रावल द्वारा की गई। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के उद्देश्य से की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।







