Gold Silver Price: घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मिले-जुले संकेतों के बीच गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। जहां वायदा बाजार (MCX) में दोनों कीमती धातुओं में गिरावट दर्ज की गई, वहीं सर्राफा बाजार में कीमतों में तेजी देखने को मिली।
MCX पर सोना-चांदी में गिरावट
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुरुआती कारोबार में सोना 500 रुपये से अधिक टूट गया। 5 जून डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,60,006 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि आज यह 1,59,900 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 515 रुपये की गिरावट के साथ 1,59,491 रुपये तक फिसल गया।
इसी तरह चांदी में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। 3 जुलाई डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,74,265 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। आज यह 2,72,275 रुपयेपर खुली और शुरुआती कारोबार में 2,291 रुपये की गिरावट के साथ 2,71,974 रुपये तक पहुंच गई।
वैश्विक संकेतों का असर
बाजार में गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय संकेतों को अहम कारण माना जा रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत अंतिम दौर में है, जिससे पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और शांति की उम्मीद बढ़ी है।
इसी बीच अमेरिका में ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में गिरावट और शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली है, जिसका असर सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने और चांदी पर पड़ा है।
सर्राफा बाजार में तेजी
वहीं दूसरी ओर घरेलू सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। गुड रिटर्न्स के मुताबिक, 24 कैरेट सोना 490 रुपये बढ़कर 1,59,930 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। 22 कैरेट सोना 450 रुपये की तेजी के साथ 1,46,600 रुपये और 18 कैरेट सोना 370 रुपये की बढ़त के साथ 1,19,950 रुपये पर रहा।
चांदी की कीमत में भी उछाल देखा गया और यह 5,000 रुपये बढ़कर 2,85,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई।
प्रमुख शहरों में सोने के दाम (सुबह के रेट)
देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोना लगभग 1.59 लाख रुपये से 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच कारोबार कर रहा है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, लखनऊ, कानपुर, पटना, जयपुर, इंदौर और भोपाल जैसे शहरों में कीमतों में मामूली अंतर देखा गया।










