IAS Success Story: यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिना जाता है। इस परीक्षा को पास करने के लिए लाखों युवा सालों तक मेहनत करते हैं। कोई दिन में 15-16 घंटे पढ़ाई करता है तो कोई सीमित समय में भी सफलता हासिल कर लेता है।
कई उम्मीदवार ऐसे भी होते हैं जो नौकरी के साथ-साथ UPSC की तैयारी करते हैं। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी है यशवी जैन की, जिन्होंने डेंटिस्ट की नौकरी करते हुए UPSC परीक्षा पास की और ऑल इंडिया 97वीं रैंक हासिल कर IAS अधिकारी बनने का सपना पूरा किया।
दिन में मरीजों का इलाज, रात में पढ़ाई
दिल्ली के ग्रेटर कैलाश की रहने वाली यशवी जैन की दिनचर्या आम UPSC अभ्यर्थियों से काफी अलग थी। वह दिन में एक प्रैक्टिसिंग डेंटिस्ट के तौर पर मरीजों का इलाज करती थीं और रात में UPSC की तैयारी में जुट जाती थीं।
दोहरी जिम्मेदारियों के बीच पढ़ाई करना आसान नहीं था, लेकिन यशवी ने कभी हार नहीं मानी। लगातार मेहनत, अनुशासन और समय प्रबंधन के दम पर उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी।
NEET पास कर बनीं डेंटिस्ट
12वीं के बाद यशवी ने NEET परीक्षा की तैयारी शुरू की। परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद डेंटिस्ट के रूप में काम शुरू कर दिया।
यशवी मरीजों का इलाज करने के साथ-साथ अपने सिविल सेवा के सपने को भी लगातार आगे बढ़ाती रहीं।
मामा से मिली UPSC की प्रेरणा
यशवी को UPSC की तैयारी की प्रेरणा उनके मामा से मिली, जो इंडियन इंफॉर्मेशन सर्विस में अधिकारी थे। परिवार में सरकारी सेवा में रहने वाले वह इकलौते सदस्य थे। उन्हें देखकर ही यशवी के मन में सिविल सेवा में जाने का विचार आया।
यशवी अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता नीतू जैन और राजीव जैन को भी देती हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया।
पहले प्रयास में मिली असफलता
यशवी ने साल 2023 में UPSC की तैयारी शुरू की थी। हालांकि पहले प्रयास में उन्हें सफलता नहीं मिली। लेकिन उन्होंने असफलता से निराश होने के बजाय अपनी कमियों पर काम किया और तैयारी को और मजबूत बनाया।
इसके बाद उन्होंने 2025 में दोबारा परीक्षा दी और इस बार न सिर्फ परीक्षा पास की बल्कि ऑल इंडिया 97वीं रैंक हासिल कर IAS अधिकारी बनने में सफल रहीं।











