Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 9 मई को यूपी, बिहार सहित 17 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के कारण उत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है। पहाड़ी राज्यों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
दिल्ली में गर्मी का कहर जारी
दिल्ली में 9 मई को बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान करेगी। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यूपी में आंधी और बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के नोएडा, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, गाजीपुर और बलिया समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार में वज्रपात और तूफान का खतरा
बिहार के गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, सुपौल, किशनगंज, कटिहार और बेगूसराय समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
पटना में तापमान 34 डिग्री अधिकतम और 24 डिग्री न्यूनतम रह सकता है।
झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश
झारखंड के रांची, हजारीबाग, बोकारो और रामगढ़ में भारी बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तराखंड और हिमाचल में येलो अलर्ट
उत्तराखंड के नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमांचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में तेज बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पंजाब में किसानों को सतर्क रहने की सलाह
पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर और पठानकोट समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
राजस्थान में कहीं बारिश तो कहीं लू
राजस्थान के भरतपुर, करौली, उदयपुर और दौसा में बारिश और आंधी की संभावना है, जबकि जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर में लू का असर बना रहेगा।
जयपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मध्यप्रदेश के शहडोल, सतना, बालाघाट, छिंदवाड़ा और मंडला समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
भोपाल में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।













