Kal Ka Mausam: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने दो विपरीत रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं। जहां उत्तर और पश्चिम भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, वहीं पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी है।
भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 से 25 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान असम और मेघालय में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 25 और 26 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और तापमान में गिरावट की भी संभावना जताई है।
उत्तर भारत में लू का प्रकोप
उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में अगले तीन दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। IMD के मुताबिक, लू का प्रभाव धीरे-धीरे पूर्वी और मध्य भारत की ओर बढ़ेगा। कई राज्यों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। उत्तर प्रदेश का प्रयागराज इस समय देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के कुछ इलाकों में 21 से 24 अप्रैल के बीच लू की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा और राजस्थान में 22 से 25 अप्रैल तक गर्म हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली में बढ़ती गर्मी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में 42 से 44 डिग्री तक जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 अप्रैल तक आसमान साफ रहेगा और कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है। इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहेंगी।
उत्तर प्रदेश में हालात गंभीर
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर साफ दिख रहा है। वाराणसी, गोरखपुर, जौनपुर, आज़मगढ़, बलिया, कुशीनगर, देवरिया, मिर्जापुर, गाजीपुर और सोनभद्र जैसे जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। कानपुर और लखनऊ में भी पारा 42 डिग्री के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है।
बिहार में राहत के आसार
बिहार में भी अप्रैल में ही गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। हालांकि IMD के अनुसार, 24 और 25 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। पटना में अगले दो दिनों तक तेज धूप रहेगी, जबकि उसके बाद बादल छाने की उम्मीद है।
उत्तराखंड और हिमाचल में मौसम में बदलाव
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की गर्मी महसूस की जा रही है। देहरादून में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि औली में यह 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 25 और 26 अप्रैल को बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजधानी शिमला में तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।












