PM Kisan Yojana: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश की प्रमुख किसान योजनाओं में शामिल है, जिसके तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। साल 2019 में शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक 22 किस्तें जारी हो चुकी हैं और अब किसानों को 23वीं किस्त का इंतजार है।
इस योजना की खास बात यह है कि नए किसान भी इससे जुड़ सकते हैं। जो किसान अभी तक रजिस्टर्ड नहीं हैं, वे ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं और सरकारी सहायता का लाभ ले सकते हैं। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ना है।
पात्रता
पात्रता के लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की गई हैं। आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए और उसके नाम पर खेती योग्य जमीन का रिकॉर्ड होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आधार कार्ड का बैंक खाते से लिंक होना जरूरी है, ताकि किस्त सीधे खाते में पहुंच सके।
इन किसानों को मिलेगा लाभ
हालांकि, यह योजना सभी किसानों के लिए नहीं है। संस्थागत भूमिधारी, सरकारी नौकरी करने वाले, 10,000 रुपये या उससे अधिक पेंशन पाने वाले और आयकर देने वाले लोग इसके पात्र नहीं माने जाते। इसके अलावा, सभी योग्य किसानों के लिए ई-केवाईसी पूरा करना भी जरूरी है।
आवेदन प्रक्रिया
आवेदन करने के लिए किसानों के पास कई विकल्प हैं। वे अपने गांव के पटवारी, राजस्व अधिकारी या अन्य अधिकृत एजेंसियों की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा, किसान खुद मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर भी रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए किसान PM-Kisan पोर्टल पर जाकर ‘Farmers Corner’ में ‘New Farmer Registration’ विकल्प चुन सकते हैं। इसके बाद आधार नंबर, राज्य और कैप्चा भरना होता है। यदि किसान का नाम पहले से दर्ज नहीं है, तो नई एंट्री की अनुमति मिलती है, जिसके बाद पूरा फॉर्म भरकर जमा करना होता है।
आवश्यक दस्तावेज
आवेदन के दौरान कुछ जरूरी दस्तावेजों की जरूरत होती है, जैसे आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, नागरिकता प्रमाण और जमीन से जुड़े कागजात। सभी जानकारी सही और सावधानीपूर्वक भरना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो।
किसानों को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका आधार नंबर बैंक खाते से लिंक हो और आधार व बैंक रिकॉर्ड में नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरण सही हों। इससे किस्त मिलने में किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी।










