Marriage Certificate: शादी के बाद मैरिज सर्टिफिकेट बनवाना कई लोगों के लिए झंझट भरा काम लग सकता है, लेकिन अब डिजिटल सेवाओं की मदद से यह प्रक्रिया काफी आसान हो गई है। Aadhaar Card के जरिए अब आप घर बैठे ही ऑनलाइन मैरिज सर्टिफिकेट के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिससे न तो दफ्तरों के ज्यादा चक्कर लगाने पड़ते हैं और न ही जटिल फॉर्म भरने की चिंता रहती है।
आजकल ज्यादातर राज्यों के ऑनलाइन पोर्टल पर आधार आधारित वेरिफिकेशन की सुविधा उपलब्ध है। इससे आपकी कई जरूरी जानकारी स्वतः भर जाती है और आवेदन प्रक्रिया तेज हो जाती है। ऐसे में आपको केवल कुछ बेसिक डिटेल्स भरनी होती हैं और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होते हैं।
जरूरी दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन से पहले कुछ जरूरी दस्तावेज तैयार रखना जरूरी है। इसमें पति-पत्नी दोनों का आधार कार्ड, 10वीं की मार्कशीट या जन्म प्रमाण पत्र, शादी का निमंत्रण पत्र या किसी धार्मिक स्थल से मिला विवाह प्रमाण, दोनों की संयुक्त फोटो और दो गवाहों के आधार कार्ड व फोटो शामिल हैं।
आवेदन प्रक्रिया
आवेदन करने के लिए अपने राज्य के संबंधित पोर्टल पर जाएं, जैसे IGRS UP Portal (उत्तर प्रदेश) या eDistrict Delhi Portal (दिल्ली)। नए यूजर को पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा, उसके बाद लॉगिन करके “Marriage Registration” सेवा चुननी होगी।
इसके बाद आवेदन फॉर्म भरें और आधार नंबर डालकर OTP के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करें। सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद ऑनलाइन फीस जमा करें और रसीद डाउनलोड कर लें। आवेदन पूरा होने पर एक एप्लिकेशन नंबर मिलेगा, जिसकी मदद से आप अपने आवेदन का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं।
ध्यान रखें कि कुछ राज्यों में ऑनलाइन आवेदन के बाद आपको Sub-Divisional Magistrate Office या रजिस्ट्रार ऑफिस में जाकर दस्तावेजों का सत्यापन करवाना पड़ता है। इसके लिए आपको पहले से अपॉइंटमेंट लेना होगा और तय दिन पर गवाहों व सभी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपका डिजिटल मैरिज सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाएगा, जिसे आप पोर्टल पर लॉगिन करके आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।












